भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। UAE के खिलाफ मुकाबले में आर्यवीर ने 160 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने मैच में मजबूत स्थिति हासिल की।
160 रन की पारी में लगाए 17 चौके और 7 छक्के
UAE के खिलाफ मुश्किल पिच पर बल्लेबाजी करते हुए आर्यवीर ने शुरुआत में काफी धैर्य दिखाया। पिच पर गेंद कभी नीचे रह रही थी तो कभी स्विंग और स्पिन हो रही थी। ऐसे में उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और 69 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
इसके बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार बढ़ाई और 131 गेंदों में शतक पूरा किया। शतक लगाने के बाद आर्यवीर ने UAE के गेंदबाजों पर आक्रामक अंदाज में हमला बोला। उन्होंने 160 गेंदों में 150 रन पूरे किए।
आर्यवीर की 160 रनों की पारी में 17 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। 45वें ओवर में बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए। उस समय भारत का स्कोर 255 रन था।
VK विनीत ने भी लगाया अर्धशतक
आर्यवीर को दूसरे छोर से VK विनीत का अच्छा साथ मिला। विनीत ने भी धैर्यपूर्वक बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों की पारियों ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
पिता वीरेंद्र सहवाग से अलग है आर्यवीर का बल्लेबाजी अंदाज
आर्यवीर की बल्लेबाजी शैली अपने पिता वीरेंद्र सहवाग से काफी अलग नजर आती है। वीरेंद्र सहवाग अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और बेखौफ अंदाज के लिए जाने जाते थे, जबकि आर्यवीर शुरुआत में संभलकर खेलते हैं और फिर मौका मिलने पर गेंदबाजों पर हमला करते हैं।
वह स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ भी शानदार बल्लेबाजी करते हैं और पैरों का इस्तेमाल करते हुए बड़े शॉट लगाते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मुकाबले में मिली हार के बाद आर्यवीर की यह पारी भारतीय टीम के आत्मविश्वास के लिए भी काफी अहम रही। इस प्रदर्शन के साथ वह मौजूदा अंडर-19 एशिया कप में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
खबरें और भी हैं...