अपना राज्य चुनें
दिवाली की आतिशबाजी से MP की हवा हुई जहरीली, ग्वालियर में AQI 363; भोपाल-इंदौर में भी बढ़ा प्रदूषण
मध्यप्रदेश 1 5 minutes ago

मध्य प्रदेश में दिवाली की रात हुई आतिशबाजी का असर अब वायु गुणवत्ता पर दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकले धुएं के कारण प्रदेश के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। भोपाल के टीटी नगर में महज पांच घंटे के भीतर AQI 150 से बढ़कर 314 पहुंच गया। वहीं, ग्वालियर के दीनदयाल नगर में सुबह 3 बजे प्रदेश का सबसे अधिक AQI 363 दर्ज किया गया।

ग्वालियर में सबसे खराब रही हवा, AQI 363 पर पहुंचा

दिवाली के बाद ग्वालियर में वायु प्रदूषण की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक रही। दीनदयाल नगर में सुबह 3 बजे AQI 363 दर्ज किया गया। महाराज बाड़ा में यह 337 और सिटी सेंटर में 329 रहा। तीनों मॉनिटरिंग स्टेशन पर हवा वेरी पुअर श्रेणी में पहुंच गई।

भोपाल में पांच घंटे में दोगुने से ज्यादा हुआ AQI

भोपाल के टीटी नगर में रात 10 बजे AQI 150 था, जो सुबह 3 बजे बढ़कर 314 हो गया। इसी तरह ईदगाह हिल्स में AQI 140 से बढ़कर 263 और पर्यावरण परिसर में 213 से बढ़कर 302 दर्ज किया गया। सिंगरौली में भी AQI 122 से बढ़कर 235 पहुंच गया।

इंदौर में छोटी ग्वालटोली का AQI 338

इंदौर में भी दिवाली की आतिशबाजी के बाद प्रदूषण बढ़ा। छोटी ग्वालटोली में AQI 281 से बढ़कर 338 पहुंच गया। मगोड़ा नगर में 113 अंकों की बढ़ोतरी के साथ AQI 203 से बढ़कर 316 दर्ज किया गया। रेजिडेंसी क्षेत्र में यह 206 से बढ़कर 261 रहा।

हालांकि, इंदौर के सभी इलाकों में प्रदूषण का असर एक जैसा नहीं रहा। एयरपोर्ट क्षेत्र में AQI 99 से घटकर 98 हो गया, जबकि रीजनल पार्क में यह 72 पर स्थिर रहा।

जबलपुर के दो स्टेशन वेरी पुअर श्रेणी में

जबलपुर में भी हवा की गुणवत्ता खराब हुई। मरहटल में AQI 219 से बढ़कर 328 और सुहागी में 228 से बढ़कर 303 पहुंच गया। गुप्तेश्वर में AQI 151 से बढ़कर 237 और गोविंद भवन कॉलोनी में 92 से बढ़कर 149 दर्ज किया गया।

प्रदेश के नौ मॉनिटरिंग स्टेशन वेरी पुअर श्रेणी में

AQI के निर्धारित मानकों के अनुसार 201 से 300 तक का स्तर पुअर और 301 से 400 तक वेरी पुअर श्रेणी में आता है। दिवाली के बाद सुबह 3 बजे तक मध्य प्रदेश के नौ मॉनिटरिंग स्टेशन वेरी पुअर श्रेणी में दर्ज किए गए।

इनमें भोपाल के दो, ग्वालियर के तीन, इंदौर के दो और जबलपुर के दो स्टेशन शामिल हैं। उज्जैन के महाश्वेता नगर में AQI 281 दर्ज किया गया, जो पुअर श्रेणी में आता है।

छोटे शहरों में भी बढ़ा प्रदूषण

दिवाली की आतिशबाजी का असर छोटे शहरों में भी देखने को मिला। देवास के भोपाल चौराहा क्षेत्र में AQI 133 से बढ़कर 239 पहुंच गया। कटनी के गोल बाजार में यह 166 से बढ़कर 229 और उज्जैन के महाश्वेता नगर में 212 से बढ़कर 281 दर्ज किया गया।

सिंगरौली में भी AQI 122 से बढ़कर 235 पहुंच गया। इन आंकड़ों से साफ है कि दिवाली के बाद प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...