फीफा वर्ल्ड कप 2026 का शानदार उद्घाटन समारोह मेक्सिको के प्रतिष्ठित एस्टाडियो एजटेका स्टेडियम में आयोजित किया गया। इतिहास के सबसे बड़े फुटबॉल विश्व कप की शुरुआत रंगारंग कार्यक्रमों और विश्वस्तरीय संगीत प्रस्तुतियों के साथ हुई, जिसने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों को रोमांचित कर दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण इंटरनेशनल पॉप स्टार शकीरा और नाइजीरियाई संगीत कलाकार बर्ना बॉय की शानदार प्रस्तुति रही। शकीरा ने अपने लोकप्रिय गाने “डाई-डाई” पर परफॉर्म करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुति ने 2010 फीफा वर्ल्ड कप की यादें भी ताजा कर दीं, जब उन्होंने अपने विश्व प्रसिद्ध गीत “वाका-वाका” से दुनियाभर में धूम मचा दी थी।
उद्घाटन समारोह में मेक्सिको की समृद्ध एजटेक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। प्रसिद्ध मेक्सिकन गायिका लीला डाउन्स ने समारोह में सभी मेहमानों और प्रशंसकों का स्वागत किया। रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और यादगार बना दिया।
एस्टाडियो एजटेका स्टेडियम फुटबॉल इतिहास का एक प्रतिष्ठित मैदान माना जाता है। यह स्टेडियम 1970 और 1986 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल की मेजबानी कर चुका है और इसमें 87,000 से अधिक दर्शकों के बैठने की क्षमता है।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक है। पहली बार टूर्नामेंट में 48 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि इससे पहले यह संख्या 32 थी। इसके अलावा, यह पहला विश्व कप है जिसकी मेजबानी तीन देश—मेक्सिको, अमेरिका और कनाडा—संयुक्त रूप से कर रहे हैं।
टूर्नामेंट के दौरान कुल 104 मैच खेले जाएंगे। मेक्सिको में उद्घाटन समारोह के बाद अमेरिका और कनाडा में भी पहले मैचों से पूर्व विशेष समारोह आयोजित किए जाएंगे।
खबरें और भी हैं...