भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इतिहास रच दिया। महज 15 साल 118 दिन की उम्र में उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक जड़कर अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में 126 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर लगातार बड़े शॉट लगाए। उनकी पारी में 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 263.16 का रहा।
वैभव सूर्यवंशी ने इस पारी के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड जिब्राल्टर के लुईस ब्रूस के नाम था, जिन्होंने 2021 में 16 साल 56 दिन की उम्र में माल्टा के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।
वहीं फुल-मेंबर देशों में सबसे कम उम्र में टी20I अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज के नाम था। उन्होंने 2019 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 17 साल 296 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था। वैभव ने गुरबाज समेत दुनिया भर के सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की यह पारी भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद खास मानी जा रही है। कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी निडर बल्लेबाजी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
खबरें और भी हैं...