अपना राज्य चुनें
नामीबिया ने दक्षिण अफ्रीका को 18 रन से हराकर रचा इतिहास, ट्राई सीरीज में बड़ा उलटफेर
स्पोर्ट्स 4 2 hours ago

नामीबिया ने टी20 ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 18 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन ही बना सकी। जान फ्राइलिंक ने खेली शानदार पारी दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन नामीबिया के बल्लेबाजों ने इसे गलत साबित कर दिया। ओपनर जान फ्राइलिंक ने 38 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। उनके साथ ओपनिंग करने उतरे लॉरेन स्टीनकैंप ने भी 41 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 58 गेंदों में 84 रन की मजबूत साझेदारी की। हालांकि इसके बाद नामीबिया के कुछ विकेट जल्दी गिर गए और टीम 163 रन तक ही पहुंच सकी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से प्रेनेलन सुब्रायेन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए। चेज में फुस्स हुई दक्षिण अफ्रीका 164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। महज 19 रन के स्कोर पर टीम ने अपने दो विकेट गंवा दिए। जॉर्डन हरमन 7 रन और लुहान-ड्रे प्रेटोरियस 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले में रोमांच जरूर पैदा किया। उन्होंने 50 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए। हालांकि उनकी यह पारी दक्षिण अफ्रीका को जीत नहीं दिला सकी और टीम 145 रन तक ही पहुंच पाई। ब्रेविस के अलावा डुआन जानसन ने 25 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके, जबकि तीन बल्लेबाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। नामीबिया के गेंदबाजों का कमाल नामीबिया की ओर से रूबेन ट्रम्पेलमैन और जेजे स्मिथ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। वहीं गेरहार्ड इरास्मस, जैक ब्रासेल और मैक्स हेइन्गो को 1-1 विकेट मिला। इस जीत के साथ नामीबिया ने टी20 क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी दूसरी जीत दर्ज की। टीम ने पिछले साल भी दक्षिण अफ्रीका को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...