अपना राज्य चुनें
डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मनाई दिवाली, भारतीय-अमेरिकियों के साथ जलाया दीया; गिफ्ट में मिली हनुमान चालीसा
विदेश 11 1 day ago

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार, 6 नवंबर को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रमुख सदस्यों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया। इस खास मौके पर ट्रंप ने दीया जलाकर रोशनी के पर्व का जश्न मनाया। कार्यक्रम में भारतीय मूल के कई बड़े कारोबारी, अधिकारी और प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।

इस दौरान GOQii Technologies के संस्थापक और सीईओ विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की। गोंडल ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ट्रंप को तुलसीदास द्वारा रचित हनुमान चालीसा भेंट की, जिसे लाखों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए पढ़ते हैं।

कई प्रमुख भारतीय-अमेरिकी हस्तियां हुईं शामिल

दिवाली समारोह में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना, IBM के सीईओ अरविंद कृष्णा, FBI निदेशक काश पटेल और अमेरिकी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के निदेशक जय भट्टाचार्य शामिल हुए।

इसके अलावा Micron Technology के संजय मेहरोत्रा, उद्यमी विशाल गोंडल, रूबी ढल्ला और कई अन्य भारतीय-अमेरिकी कारोबारी एवं अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी भी इस समारोह का हिस्सा बने।

ट्रंप को हनुमान चालीसा भेंट करने पर क्या बोले विशाल गोंडल?

विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस पल को ओवल ऑफिस में साझा रोशनी का एक खास क्षण बताया। उन्होंने कहा कि दीये जलाते समय उनकी प्रार्थना भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती और अंधकार पर प्रकाश की जीत के लिए थी।

गोंडल ने कहा कि हनुमान चालीसा भगवान हनुमान को समर्पित तुलसीदास की रचना है, जिसे करोड़ों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए पढ़ते हैं। उन्होंने सभी के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की।

2003 में शुरू हुई थी व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा

व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा साल 2003 में तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के कार्यकाल में शुरू हुई थी। शुरुआत में ये कार्यक्रम मुख्य रूप से आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में भारतीय-अमेरिकी समुदाय और भारतीय राजनयिकों की मौजूदगी में आयोजित होते थे।

साल 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में दीया जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे। इसके बाद से व्हाइट हाउस के अलग-अलग हिस्सों, जिनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम भी शामिल हैं, में दिवाली के मौके पर दीप प्रज्वलन समारोह आयोजित किए जाते रहे हैं।

इस बार ट्रंप के साथ भारतीय-अमेरिकी समुदाय की दिवाली और उन्हें भेंट की गई हनुमान चालीसा ने इस समारोह को खास बना दिया।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...