भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारी गिरावट देखने को मिली। BSE Sensex 1312 अंक टूटकर 76 हजार के करीब बंद हुआ, जबकि NIFTY 50 360 अंक फिसलकर 23,815 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में आई इस बड़ी गिरावट से निवेशकों को करीब 6 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
बाजार में इस भारी गिरावट की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल रही। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता विफल होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 106 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई। इससे महंगाई बढ़ने की आशंका तेज हो गई है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिला।
इसके अलावा प्रधानमंत्री Narendra Modi की विदेशी मुद्रा बचाने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने वाली अपील ने भी बाजार के सेंटिमेंट को प्रभावित किया।
एशियाई बाजारों में कमजोरी, रुपये में गिरावट और India VIX में तेज उछाल ने निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी। सबसे ज्यादा असर ज्वेलरी सेक्टर पर देखने को मिला, जहां Titan Company, Kalyan Jewellers और Senco Gold जैसे बड़े शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई।
अब निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों, ग्लोबल मार्केट की स्थिति और भारत की आगामी आर्थिक रणनीति पर बनी हुई है।
खबरें और भी हैं...