मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार को फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक, जब टाइगर श्रॉफ एक ग्राउंड से अपनी गाड़ी में निकल रहे थे, तभी वहां मौजूद भीड़ के बीच से उनकी कार पर तीन से चार राउंड गोलियां चलाई गईं। हालांकि, इस घटना में अभिनेता को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित हैं।
यह घटना मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई। घटना के समय टाइगर श्रॉफ को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सोशल मीडिया पोस्ट में धमकी का दावा
इस घटना के बीच सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट सामने आई है, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने वाले और कथित चेतावनियों को नजरअंदाज करने वाले मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को भी धमकी दी गई है।
हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता और फायरिंग की घटना से इसके संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इस दावे को फिलहाल सत्यापित जानकारी नहीं माना जा सकता।
गौरतलब है कि साल 2024 में सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में भी अनमोल बिश्नोई के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, अनमोल बिश्नोई ने उस घटना के संबंध में फेसबुक पर पोस्ट किया था और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया था।
फिलहाल, टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच जारी है।
खबरें और भी हैं...