देशभर में 11 सितंबर को बैंक हड़ताल का असर बैंकिंग सेवाओं पर पड़ सकता है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU ने विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।
11 सितंबर शुक्रवार को हड़ताल के बाद 12 सितंबर शनिवार और 13 सितंबर रविवार की निर्धारित छुट्टी है। वहीं, 14 सितंबर को कुछ राज्यों में गणेश चतुर्थी की छुट्टी रहेगी। ऐसे में कई जगहों पर बैंक शाखाओं से जुड़े काम लगातार कई दिनों तक प्रभावित हो सकते हैं।
हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में कैश निकासी, चेक जमा करने और अन्य बैंकिंग कार्यों में परेशानी हो सकती है। हालांकि, ATM, UPI और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है।
UFBU ने पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था, परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव और पेंशन से जुड़े लंबित मुद्दों समेत कई मांगों को लेकर यह कदम उठाया है।
इसके अलावा यूनियनों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 28 सितंबर से तीन दिन की एक और राष्ट्रव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है। वहीं, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई है।
ग्राहकों को सलाह है कि वे बैंक शाखा से जुड़े जरूरी काम पहले ही निपटा लें, ताकि छुट्टियों और हड़ताल के कारण परेशानी से बचा जा सके।
खबरें और भी हैं...