खराब मौसम की आशंका को देखते हुए अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों यात्राओं पर रोक लगाने का फैसला किया है. फिलहाल बेस कैंप से किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. मौसम और रास्तों की दोबारा समीक्षा के बाद ही यात्रा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा.
अमरनाथ यात्रा के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते वैष्णो देवी यात्रा पर भी एहतियात के तौर पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया गया है. मौसम विभाग की भारी बारिश और भूस्खलन की गंभीर चेतावनी के बाद प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह बड़ा कदम उठाया है.
इस ताजा फैसले को लेकर जम्मू के मंडलायुक्त रमेश कुमार ने साफ किया है कि खराब मौसम की एडवाइजरी के चलते 19 जुलाई को जम्मू से कश्मीर की तरफ कोई नया जत्था आगे नहीं बढ़ेगा. उन्होंने बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि वे फिलहाल जम्मू, ऊधमपुर और रामबन में बनाए गए अपने ठहरने के केंद्रों (Accommodation Centres) पर ही रुके रहें. जब तक प्रशासन की तरफ से आगे के निर्देश नहीं आते, तब तक वहीं इंतजार करें.
खबरें और भी हैं...