भारतीय मूल के लोगों के नेतृत्व वाली दुनिया की 200 प्रमुख कंपनियों का कुल मूल्यांकन पिछले दो वर्षों में 53 फीसदी बढ़कर 15 लाख करोड़ डॉलर पहुंच गया है। दो साल पहले इन कंपनियों का कुल मूल्यांकन 9.9 लाख करोड़ डॉलर था। एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) क्षेत्र में तेजी को इस वृद्धि की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
बृहस्पतिवार को जारी HSBC हुरुन ग्लोबल इंडियंस लिस्ट 2026 के मुताबिक, गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई सूची में पहले स्थान पर हैं। उनकी अगुवाई वाली अल्फाबेट का मूल्यांकन 4.2 लाख करोड़ डॉलर है।
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला 2.6 लाख करोड़ डॉलर के मूल्यांकन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा 1.4 लाख करोड़ डॉलर के मूल्यांकन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
103 कंपनियां एआई क्षेत्र से जुड़ीं
रिपोर्ट के अनुसार, सूची में शामिल 200 कंपनियों में से 103 कंपनियां एआई आधारित हैं या अपने कारोबार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर रही हैं। इन कंपनियों का कुल मूल्यांकन 10.7 लाख करोड़ डॉलर है, जो सूची की सभी कंपनियों के कुल मूल्यांकन का करीब 71 फीसदी है।
इन एआई कंपनियों का सालाना राजस्व 2.5 लाख करोड़ डॉलर है और इनमें लगभग 53 लाख लोग काम करते हैं। सूची में 49 स्टार्टअप भी शामिल हैं, जिनका कुल मूल्यांकन 398 अरब डॉलर है।76 कंपनियां पहली बार सूची में शामिल
इस साल की सूची में 76 कंपनियों ने पहली बार जगह बनाई है। कुल 200 कंपनियों में से 127 शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं, जबकि 73 निजी क्षेत्र की कंपनियां हैं।
इन कंपनियों का नेतृत्व करने वाले 236 लोगों में से 53 फीसदी सुंदर पिचाई और सत्य नडेला जैसे पेशेवर हैं। वहीं, 44 फीसदी पहली पीढ़ी के उद्यमी और 3 फीसदी दूसरी पीढ़ी के नेतृत्वकर्ता हैं।
सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं सबसे ज्यादा कारोबारी
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय मूल के कारोबारियों में सबसे अधिक 40 सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं। वहीं, शैक्षणिक संस्थानों की बात करें तो आईआईटी दिल्ली से पढ़ाई करने वाले सबसे ज्यादा 15 लोग इस सूची में शामिल हैं।रिपोर्ट के आंकड़े वैश्विक कारोबार में भारतीय मूल के नेतृत्व और खासतौर पर एआई क्षेत्र में उनकी बढ़ती भूमिका को दर्शाते हैं।
खबरें और भी हैं...