आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में Anthropic ने अपने नए AI मॉडल Fable 5.2 और Mythos 5.2 लॉन्च किए हैं। कंपनी के मुताबिक, नए मॉडल पहले के मुकाबले 30% तक तेज आउटपुट देने में सक्षम हैं। इनमें कोडिंग, रीजनिंग, विजुअल टास्क और जटिल समस्याओं को हल करने की क्षमता में सुधार किया गया है।
Fable 5.2 और Mythos 5.2 में क्या है खास?
Anthropic के अनुसार, Fable 5.2 को जटिल सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, रोबोट कंट्रोल और लंबे समय तक चलने वाले प्रोजेक्ट्स को संभालने के लिए तैयार किया गया है। यह एक साथ 1,000 से अधिक AI एजेंट्स के साथ काम और उनके कार्यों का समन्वय कर सकता है।
वहीं, Mythos 5.2 को कंपनी का अब तक का सबसे सक्षम साइबर सिक्योरिटी मॉडल बताया गया है। यह सॉफ्टवेयर की कमजोरियों की पहचान करने, उनकी जांच करने और उन्हें ठीक करने में मदद कर सकता है। हालांकि, फिलहाल इसे चुनिंदा संगठनों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के लिए उपलब्ध कराया गया है।
Fable 5.2 की कीमत भी हुई कम
Anthropic ने Fable 5.2 की कीमत में भी कटौती की है। इसकी इनपुट टोकन कीमत 10 डॉलर से घटाकर 8 डॉलर प्रति मिलियन टोकन कर दी गई है। कंपनी का कहना है कि नए मॉडल पिछले वर्जन की तुलना में बेहतर प्रदर्शन और स्पष्ट जवाब देने में सक्षम हैं।
सुरक्षा पर भी दिया गया ध्यान
कंपनी ने बताया कि दोनों नए मॉडल को लॉन्च करने से पहले व्यापक सुरक्षा परीक्षण किए गए हैं। Fable 5.2 में साइबर सुरक्षा और बायोलॉजी से जुड़े जोखिमों को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा उपाय शामिल किए गए हैं। वहीं, Mythos 5.2 तक पहुंच को साइबर सिक्योरिटी वेरिफिकेशन प्रोग्राम के जरिए सीमित रखा गया है।
इन प्लेटफॉर्म पर मिलेगा Fable 5.2
Anthropic का Fable 5.2 Amazon Web Services, Google Cloud और Microsoft Azure सहित कई प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है। वहीं, Mythos 5.2 के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़े संगठनों को आवेदन करना होगा।
कंपनी के अनुसार, यूजर्स सामान्य कोडिंग और रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरे Claude मॉडल का इस्तेमाल कर सकते हैं, जबकि अधिक जटिल कार्यों के लिए Fable और Mythos मॉडल उपयोगी साबित हो सकते हैं।
खबरें और भी हैं...