टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने अपना 299 रुपये वाला प्रीपेड रिचार्ज प्लान दोबारा शुरू कर दिया है। कंपनी ने अगस्त 2026 में इस प्लान को बंद कर दिया था। अब यह प्लान फिर से कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसमें ग्राहकों को 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ प्रतिदिन 1GB डेटा दिया जा रहा है।
नए ग्राहकों की संख्या में आई गिरावट
एयरटेल ने यह प्लान ऐसे समय में दोबारा शुरू किया है, जब कंपनी के नए ग्राहकों की संख्या बढ़ने की रफ्तार धीमी हुई है। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में एयरटेल ने 33 लाख नए नेट ग्राहक जोड़े थे, जबकि दूसरी तिमाही में यह संख्या घटकर केवल 7.16 लाख रह गई।
इस तरह नए ग्राहकों की नेट बढ़ोतरी में करीब 78 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, कंपनी का चर्न रेट भी बढ़कर 2.9 प्रतिशत हो गया है। चर्न रेट से पता चलता है कि कितने ग्राहक कंपनी की सेवाएं छोड़ रहे हैं।
ARPU बढ़ाने पर एयरटेल का फोकस
एयरटेल का लक्ष्य केवल नए ग्राहक जोड़ना नहीं, बल्कि प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU बढ़ाना भी है। सितंबर तिमाही में कंपनी का ARPU बढ़कर 271 रुपये हो गया, जबकि रिलायंस जियो का ARPU 218.8 रुपये रहा।
कंपनी प्रीमियम प्लान, पोस्टपेड सेवाओं, इंटरनेशनल रोमिंग और टॉप-अप के जरिए अपनी कमाई बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
स्मार्टफोन की कीमतों का भी असर
एयरटेल के मुताबिक, एंट्री-लेवल स्मार्टफोन महंगे होने के कारण 2G से 4G और 5G नेटवर्क पर आने वाले ग्राहकों की रफ्तार प्रभावित हुई है। कंपनी का मानना है कि कम कीमत वाले रिफर्बिश्ड स्मार्टफोन इस समस्या को कम करने में मदद कर सकते हैं।
डेटा सेंटर और AI कारोबार में निवेश की तैयारी
एयरटेल टेलीकॉम के अलावा डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भी विस्तार की योजना बना रही है। कंपनी विशाखापत्तनम में 400 से 500 मेगावॉट क्षमता का डेटा सेंटर विकसित करने की संभावनाएं तलाश रही है। भविष्य में कंपनी अपने डेटा सेंटर की कुल क्षमता 1 गीगावॉट से अधिक करने का लक्ष्य रखती है।
कंपनी की यह रणनीति टेलीकॉम सेवाओं के साथ क्लाउड, फाइनेंशियल सर्विसेज और AI कारोबार से कमाई बढ़ाने पर केंद्रित है।
खबरें और भी हैं...