मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास श्रद्धालुओं के साथ हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ड्यूटी में लापरवाही के मामले में झांसी रोड के CSP रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिसकर्मी निलंबित
मुख्यमंत्री के निर्देश पर निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा और झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी शामिल हैं।
इसके अलावा निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर को भी निलंबित किया गया है।
मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता
हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों और घायलों को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
– मृतकों के परिजनों को: 4-4 लाख रुपये
– गंभीर रूप से घायलों को: 2-2 लाख रुपये
– अन्य घायलों को: 50-50 हजार रुपये
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराया जाए, ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। दुर्घटना से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं।
मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों और घायलों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति, शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
खबरें और भी हैं...