प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक उज़्बेकिस्तान और किर्गिज़स्तान के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट में भी हिस्सा लेंगे। 29-30 अगस्त को उज़्बेकिस्तान का दौरा प्रधानमंत्री मोदी 29 और 30 अगस्त को उज़्बेकिस्तान के राजकीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय मुद्दों सहित कई अहम विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज़्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी। भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच लंबे समय से रणनीतिक और आर्थिक सहयोग रहा है और इस यात्रा के दौरान इसे और मजबूत करने पर जोर रहेगा। किर्गिज़स्तान में SCO समिट में होंगे शामिल इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त और 1 सितंबर को किर्गिज़स्तान का दौरा करेंगे। यहां वह 26वें SCO समिट में हिस्सा लेंगे। समिट में सदस्य देशों के बीच क्षेत्रीय सहयोग, सुरक्षा, आर्थिक साझेदारी और अन्य महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी। किर्गिज़स्तान में प्रधानमंत्री मोदी की कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें होने की भी संभावना है। इन बैठकों में भारत के रणनीतिक और आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। World Nomad Games के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी किर्गिज़स्तान में आयोजित होने वाले World Nomad Games के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। यह आयोजन मध्य एशिया की पारंपरिक खेल संस्कृति और विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करता है। प्रधानमंत्री का यह दौरा भारत की मध्य एशिया के देशों के साथ साझेदारी को मजबूत करने और क्षेत्र में भारत की सक्रिय भूमिका को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खबरें और भी हैं...