मध्यप्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश के कई जिलों में तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में स्थिति सबसे गंभीर मानी जा रही है, जहां रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
शुक्रवार को छतरपुर जिले का नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। खजुराहो में तापमान 46.4 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री और दमोह-नरसिंहपुर में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं। लोग तेज धूप और लू से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हैं।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। जबलपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा के दौरान गर्मी और ज्यादा तीखी हो सकती है। विभाग के अनुसार 31 मई तक तापमान अपने चरम पर पहुंच सकता है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत अधिकांश शहरों में दिन और रात दोनों समय गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।
टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना।
ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, मऊगंज और रीवा।
भोपाल, उज्जैन, रतलाम, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, शहडोल, सिंगरौली, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर समेत 18 जिले।
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के मुताबिक दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा। लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही ज्यादा पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
खबरें और भी हैं...