अपना राज्य चुनें
होर्मुज संकट से दुनिया पर मंदी का खतरा, तेल की कीमतें बढ़ने से बढ़ी चिंता
बिज़नेस 8 2 days ago

दुनिया भर में बढ़ती तेल की कीमतें अब वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी चिंता बनती जा रही हैं। एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि अगर अगस्त तक होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहा, तो दुनिया को 2008 जैसी आर्थिक महामंदी का सामना करना पड़ सकता है। रैपिडन एनर्जी ग्रुप के अनुसार, इस संकट के कारण तेल की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित होगी और ब्रेंट क्रूड की कीमत 130 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक सप्लाई बाधित रहने से वैश्विक मांग में भारी गिरावट आ सकती है। इससे 2026 में दुनिया भर में तेल खपत कम होने का खतरा बढ़ जाएगा। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव पहले ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर चुका है। फरवरी के अंत से तेल की कीमतें लगभग दोगुनी हो चुकी हैं, जिससे महंगाई और आर्थिक मंदी की आशंका लगातार बढ़ रही है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान के यूरेनियम भंडार पर फिर से नियंत्रण हासिल करेगा। वहीं ईरान ने दोहराया है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है। दोनों देशों के बीच जारी तनाव के कारण तेल बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

गुरुवार को कारोबारी सत्र के दौरान तेल की कीमतें पहले गिरकर 102 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचीं, लेकिन बाद में बढ़कर 105 डॉलर के करीब पहुंच गईं। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य लंबे समय तक बंद रहा, तो इसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था, व्यापार और महंगाई पर देखने को मिल सकता है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...