आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद विस्फोटक रही। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों पर 56 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। इसके बाद ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 79 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने भी 24 गेंदों में 51 रन ठोककर आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। आखिर में नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर टीम को 255 रन तक पहुंचाया।
256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तेज शुरुआत दिलाई। वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 15 रन का योगदान दिया। इसके बाद रजत पाटीदार ने 56 रन और क्रुणाल पंड्या ने 41 रन की पारी खेली, लेकिन टीम जीत हासिल नहीं कर सकी और 55 रन से मुकाबला हार गई।
इस जीत के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद को एलिमिनेटर मुकाबला खेलना होगा। वहीं हार के बाद भी आरसीबी अंकतालिका में शीर्ष पर रहते हुए गुजरात टाइटन्स के खिलाफ क्वालिफायर-1 खेलेगी।
खबरें और भी हैं...