इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास का सबसे चर्चित विवाद ‘थप्पड़कांड’ (Slapgate) एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार यह मुद्दा उठाया है पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज S. Sreesanth ने, जिन्होंने Harbhajan Singh पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
श्रीसंत का दावा है कि हरभजन सिंह ने 2008 के इस विवाद पर आधारित एक टीवी विज्ञापन से लगभग ₹80 लाख से ₹1 करोड़ तक की कमाई की। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भज्जी ने उनसे उस विज्ञापन को सोशल मीडिया पर प्रमोट करने के लिए कहा, जो उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया।
एक इंटरव्यू में श्रीसंत ने खुलकर कहा,
“मैंने उन्हें हमेशा माफ किया, लेकिन कभी भूल नहीं पाया। अगर आप भूल जाते हैं, तो सामने वाला वही गलती फिर करता है।”
गौरतलब है कि यह घटना IPL 2008 के पहले सीजन में हुई थी, जब मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मैच के बाद हरभजन सिंह ने श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। इस घटना के बाद श्रीसंत मैदान पर रोते हुए नजर आए थे, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को हिला दिया था।
इस विवाद के चलते हरभजन सिंह पर पूरे सीजन का बैन लगाया गया था और उनकी मैच फीस भी काटी गई थी। यह IPL का पहला बड़ा विवाद था, जिसने टूर्नामेंट की छवि पर भी असर डाला।
श्रीसंत ने आगे कहा कि अब उनका हरभजन से कोई रिश्ता नहीं है।
“मैं उन्हें भाई मानता था, लेकिन अब मैंने उन्हें इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरभजन सिंह की सार्वजनिक छवि और असल व्यवहार में काफी फर्क है और मीडिया में दिखाई जाने वाली दोस्ती “सिर्फ एक एक्ट” है।
खबरें और भी हैं...